जीएसटी नंबर से फर्जी बिल, 12 हजार की खरीद पर सवाल, कुटेश्वर स्कूल के नाम 12 हजार 270 बिल, फर्म संचालक ने एसपी से की शिकायत

कटनी, यशभारत। किसी फर्म के जीएसटी नंबर और कारोबारी विवरण का कथित रूप से दुरुपयोग कर फर्जी बिल तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। शत्रुहन केमिकल पेस्ट कंट्रोल के संचालक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनकी अनुमति के बिना फर्म के नाम और जीएसटी विवरण का इस्तेमाल कर बिल तैयार किया गया। शिकायत के साथ संबंधित बिल भी पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। 17 जुलाई के बिल क्रमांक एससीपीसी/0111 में खरीदार के रूप में डीएवी सेंट्रल कुटेश्वर पब्लिक स्कूल कुटेश्वर का नाम दर्ज है। बिल में झाडू, टॉयलेट ब्रश, बाल्टी, क्लीनरए फिनाइल, हैंडवॉश, पोछा सहित विभिन्न सामग्री दर्शाई गई है। सामग्री की कीमत 9890, परिवहन 600 तथा 18 प्रतिशत जीएसटी जोडक़र कुल राशि 12270 दर्शाई गई है। फर्म संचालक का कहना है कि उनकी ओर से ऐसा कोई बिल जारी नहीं किया गया और न ही बिल में दर्शाई गई सामग्री की बिक्री की गई। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि फर्म का जीएसटी नंबर और अन्य कारोबारी विवरण इस बिल में कैसे इस्तेमाल हुआ। साथ ही विद्यालय के नाम पर तैयार इस बिल की खरीद, भुगतान और लेखा रिकॉर्ड में इसकी क्या स्थिति है। यह भी जांच का विषय है। शिकायतकर्ता ने एसपी से पूरे मामले की जांच कर फर्म के जीएसटी विवरण के कथित दुरुपयोग और फर्जी बिल तैयार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बिल किसने तैयार किया, इसका इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया गया तथा इसमें संबंधित संस्थान की क्या भूमिका रही।







