जिले को मिली गारमेंट क्लस्टर की सौगात
मुख्यमंत्री ने टिकरिया-कैलवारा में किया ऑनलाइन भूमिपूजन, 55 उद्योगों को 13.20 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी

कटनी को मिली गारमेंट क्लस्टर की सौगात
मुख्यमंत्री ने टिकरिया-कैलवारा में किया ऑनलाइन भूमिपूजन, 55 उद्योगों को 13.20 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी

कटनी। अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग दिवस के अवसर पर शनिवार को भोपाल में आयोजित ‘सशक्त उद्यमी, समृद्ध मध्यप्रदेश’ समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी जिले को रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने टिकरिया-कैलवारा औद्योगिक क्षेत्र में 445.85 लाख रुपये की लागत से लगभग 2.98 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाले रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर का ऑनलाइन भूमिपूजन किया। साथ ही जिले की 55 औद्योगिक इकाइयों को 13.20 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके खातों में अंतरित की।
कटनी कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभाकक्ष से मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, महाप्रबंधक उद्योग एवं व्यापार ज्योति सिंह, प्रबंधक राजेश पटेल तथा जिले के उद्यमी एवं उद्योगपति वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल संवाद के दौरान विधायक संदीप जायसवाल से कटनी के औद्योगिक विकास को लेकर चर्चा की और उनके प्रयासों की सराहना की। विधायक ने बताया कि गारमेंट क्लस्टर के प्रथम चरण में 67 औद्योगिक प्लॉट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से लगभग 50 से 60 प्लॉटों के लिए उद्यमियों की सहमति मिल चुकी है। इस परियोजना से 600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने के साथ जिले में रेडीमेड वस्त्र उद्योग को नई पहचान मिलेगी।
विधायक जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की एमएसएमई प्रोत्साहन योजना-2025 प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। योजना के तहत नई औद्योगिक इकाइयों को प्लांट एवं मशीनरी में किए गए निवेश पर 40 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है, जिससे नए उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में आर्थिक सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र में पहले केवल बरगवां औद्योगिक क्षेत्र था, लेकिन लगातार प्रयासों से लमतरा, अमकुही, तखला और टिकरिया-कैलवारा जैसे नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास हुआ है। इन परियोजनाओं से कटनी तेजी से एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कटनी के उद्योगपति अमित सिंघई से भी वर्चुअल संवाद किया। श्री सिंघई ने रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर की स्थापना को जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय उद्योगों को नई गति देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।







