उत्तर प्रदेशदेश

जमीनी विवाद बना रणक्षेत्र, पुलिस के सामने चले लाठी-डंडे, महिलाओं ने भी किया हमला,देखे वीडियो…

गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र की घटना

गोरखपुर,यशभारत। गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र स्थित भैंसला गांव में जमीनी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में पुलिस की मौजूदगी में ही जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी हमला करती नजर आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार भैंसला गांव निवासी शेषनाथ सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 15 मई की सुबह रामआशीष सिंह, जनार्दन सिंह, लक्की, प्रियांशु, रामभशीष एवं अन्य लोग विवादित जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक उक्त जमीन को लेकर पहले से न्यायालय में मामला विचाराधीन है।

शेषनाथ सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने कब्जा करने का विरोध किया और डायल 112 पुलिस को सूचना दी, तभी दूसरे पक्ष के लोग आक्रामक हो गए। देखते ही देखते महिलाएं और पुरुष लाठी-डंडे लेकर उनके परिवार पर टूट पड़े। घटना के दौरान मौके पर पुलिस मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होती रही।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि लोग पुलिस के सामने ही एक-दूसरे पर लाठियां बरसा रहे हैं। कई महिलाएं भी हाथापाई और मारपीट में शामिल दिखाई दे रही हैं। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामले में सहजनवा पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button