2 जून से बदलेगी गुरु की चाल, देश-दुनिया में दिखेगा बड़ा असर
प्राइम टाइम विद आशीष शुक्ला में ज्योतिषाचार्य एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी मनोहर वर्मा से खास चर्चा

जबलपुर, यश भारत। यश भारत प्राइम टाइम विद आशीष शुक्ला के विशेष एपिसोड में इस बार चर्चा का केंद्र गुरु ग्रह का राशि परिवर्तन कार्यक्रम रहा। ज्योतिषाचार्य एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी मनोहर वर्मा ने विस्तार से बताया कि 2 जून से गुरु ग्रह वृष राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं। इसका प्रभाव केवल व्यक्तिगत जीवन ही नहीं बल्कि देश और दुनिया की परिस्थितियों पर भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि गुरु ग्रह ज्योतिष में सबसे प्रभावशाली और शुभ ग्रह माना जाता है, इसलिए उसका राशि परिवर्तन बड़े बदलावों का संकेत देता है।
कार्यक्रम की शुरुआत में एंकर आशीष शुक्ला ने पूछा कि लोग ज्योतिष में विश्वास करें या न करें, लेकिन अधिकांश लोग अपना भविष्यफल जरूर देखते हैं। ऐसे में गुरु ग्रह का राशि परिवर्तन सामाजिक रूप से लोगों की जिज्ञासा का विषय बना हुआ है।
इस पर मनोहर वर्मा ने कहा कि गुरु ग्रह हमारे जीवन में ज्ञान, धन, विवाह, संतान, शिक्षा और सामाजिक प्रतिष्ठा के कारक माने जाते हैं। जब वे अपनी राशि बदलते हैं तो उसका असर हर व्यक्ति की कुंडली और परिस्थितियों पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि गुरु 2 जून से 26 अक्टूबर तक कर्क राशि में रहेंगे। इसके बाद 26 अक्टूबर से 24 जनवरी तक सिंह राशि में जाएंगे और फिर दोबारा कर्क राशि में लौटेंगे। कर्क राशि गुरु की उच्च राशि मानी जाती है, इसलिए यह समय अत्यंत सकारात्मक परिणाम देने वाला रहेगा।
उन्होंने कहा कि भारतवर्ष की कुंडली के अनुसार यह गोचर देश को मीडिया, तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। एआई, कंप्यूटर, बायोटेक्नोलॉजी और पत्रकारिता जैसे क्षेत्रों में विशेष प्रगति होगी। पत्रकारिता और रियल स्टेट से जुड़े लोगों को भी विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही धार्मिक गतिविधियां और स्कूलों की प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
व्यापार, पत्रकारिता और रियल स्टेट में आएगा उछाल, मेहनत से बदलेगी आर्थिक तस्वीर
मनोहर वर्मा ने कहा कि महंगाई और आर्थिक संकट देश के लिए समय-समय पर चुनौतियां बने रहेंगे, लेकिन यह स्थिति स्थायी नहीं है। मेहनतकश वर्ग के लिए गुरु राहत लेकर आएंगे और मेहनत का अच्छा परिणाम मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जमीन, भवन निर्माण और होटल उद्योग से जुड़ी गतिविधियां बढ़ेंगी। हालांकि सफलता के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। शेयर बाजार और रिस्क से जुड़े क्षेत्रों में भी सकारात्मक अवसर बनेंगे।
कार्यक्रम में राशि अनुसार भी चर्चा की गई। मेष राशि वालों के लिए रियल स्टेट, कृषि, होटल और पैतृक संपत्ति में लाभ के योग बताए गए। शेयर मार्केट और रिस्क से जुड़े मामलों में सफलता मिलने की संभावना जताई गई।
वृष राशि वालों के लिए पढ़ाई, पत्रकारिता, लेखन और व्यापार में विशेष लाभ के संकेत दिए गए। वहीं धार्मिक रुचि बढ़ने की संभावना भी बताई गई।
मिथुन राशि वालों के लिए समय में थोड़ी चुनौतियां रहने की बात कही गई, हालांकि स्वास्थ्य और यात्रा संबंधी मामलों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अंत में आशीष शुक्ला ने कहा कि गुरु ग्रह के प्रभाव पर यह चर्चा अभी जारी रहेगी। अगले एपिसोड में बाकी राशियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। यह विशेष एपिसोड दर्शकों के बीच काफी चर्चा का विषय बना रहा।







