कटनी

अवैध शराब विक्रय एवं निर्माण के विरुद्ध कटनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बरही पुलिस ने 4,000 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया, स्लीमनाबाद पुलिस ने 16 लीटर कच्ची महुआ शराब की जब्त

कटनी, यशभारत। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अनुभाग विजयराघवगढ़ एवं स्लीमनाबाद क्षेत्र में पुलिस द्वारा दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध महुआ लाहन एवं कच्ची महुआ शराब का नष्टीकरण/जब्ती की कार्रवाई की गई। इस अवसर बरही थाना के अंतर्गत ग्राम खिरहनी के पारधी टोला में एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे एवं थाना प्रभारी बरही निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे के नेतृत्व में बरही एवं विजयराघवगढ़ थाना पुलिस बल द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान लगभग 265 कंटेनरों में भरा करीब 4 हजार किलोग्राम महुआ लाहन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है। मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही करीब 25 लीटर कच्ची महुआ शराब, कीमत लगभग 4,000 रुपये, का भी मौके पर नष्टीकरण किया गया।
पुलिस ने ग्राम सिहुड़ी में दी दबिश
स्लीमनाबाद पुलिस द्वारा एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के नेतृत्व एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में ग्राम सिहुड़ी में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का निर्माण एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी मीना बाई सपेरा के कब्जे से 9 लीटर तथा सरस्वती बाई सपेरा के कब्जे से 7 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। कुल 16 लीटर कच्ची महुआ शराब, कीमत लगभग 6,400 रुपये, जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई एवं मौके पर अवैध शराब निर्माण सामग्री महुआ-लाहन नष्ट किया गया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी बरही निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक विनोद कांत सिंह, ASI दिनेश सिंह बघेल, ASI देवचंद भलावी सहित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्लीमनाबाद की कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा, SI काशीराम झारिया, मथुरा प्रसाद, ASI जुबेर अली, ASI मानकी धुर्वे, प्रधान आरक्षक तेज प्रकाश सिंह, प्रेमशंकर पटेल, आरक्षक अभिषेक एवं महिला आरक्षक नेहा शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button