भोपालमध्य प्रदेश

सीबीएसई 12वीं रिजल्ट में भोपाल रीजन पिछड़ा, प्रदेश के 80 हजार से ज्यादा छात्रों ने देखे परिणाम

सीबीएसई 12वीं रिजल्ट में भोपाल रीजन पिछड़ा, प्रदेश के 80 हजार से ज्यादा छात्रों ने देखे परिणाम

भोपाल यश भारत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड वीवीएसई ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के 80 हजार से अधिक विद्यार्थियों का इंतजार भी खत्म हो गया। हालांकि इस बार भोपाल रीजन का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा और प्रदेश राष्ट्रीय औसत से पीछे रह गया। सीबीएसई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार भोपाल रीजन में 79.43 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर कुल पास प्रतिशत 85.20 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस तरह भोपाल रीजन राष्ट्रीय औसत से 5.77 प्रतिशत पीछे रहा। परिणामों ने प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।पिछले वर्ष की तुलना में इस बार राष्ट्रीय स्तर पर भी रिजल्ट में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में कुल पास प्रतिशत 88.39 था जो इस बार घटकर 85.20 प्रतिशत रह गया। सीबीएसई ने छात्रों की सुविधा के लिए रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट के साथ DigiLocker और UMANG एप पर भी जारी किया है। विद्यार्थी रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि की मदद से अपनी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। एक या अधिक विषयों में असफल छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा के माध्यम से दूसरा अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे वेरिफिकेशन, री इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी के लिए आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड जल्द ही संबंधित तारीखों की घोषणा करेगा। गौरतलब है कि इस वर्ष सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन डिजिटल प्रणाली से किए जाने के कारण रिजल्ट प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और पारदर्शी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button