मुख्य ख़बरें

फूड पॉइजनिंग के बाद प्रशासन अलर्ट: 43 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज, खाद्य सामग्री की जांच तेज

हिर्री में 32 बच्चों समेत 43 मरीजों को मिली अस्पताल से छुट्टी, समनापुर, हीरापुर और रतनारा के मेलों में संयुक्त टीम ने की जांच; दूषित पानी मौके पर कराया नष्ट

बालाघाट। जिले के किरनापुर तहसील अंतर्गत ग्राम हिर्री में आयोजित मड़ई मेले के दौरान चाऊमीन खाने से बच्चों सहित अन्य लोगों के फूड पॉइजनिंग का शिकार होने की घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर हैं। एक ओर जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का उपचार जारी है, वहीं दूसरी ओर जिले के अन्य मड़ई मेलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पेयजल की स्वच्छता और मनोरंजन के साधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है।

43 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज

ग्राम हिर्री में 21 नवंबर को आयोजित मड़ई के दौरान फूड पॉइजनिंग से प्रभावित लोगों को उपचार के लिए रात्रि में जिला चिकित्सालय बालाघाट में भर्ती कराया गया था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि 22 नवंबर की शाम तक जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों में से 32 बच्चों एवं 11 वयस्कों सहित कुल 43 मरीजों को पूरी तरह स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि सभी मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में उपचार उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने और चिकित्सकों द्वारा स्वस्थ पाए जाने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया है। अस्पताल में भर्ती शेष बच्चों की सेहत में भी सुधार हो रहा है और उनका उपचार जारी है।

अन्य मड़ई मेलों में प्रशासन ने शुरू की जांच

हिर्री की घटना के बाद मड़ई मेलों में खाद्य सामग्री और पेयजल की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में तहसील बालाघाट अंतर्गत ग्राम समनापुर, हीरापुर एवं रतनारा में आयोजित मड़ई मेलों का संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया।

तहसीलदार बालाघाट सुश्री छवि पंत एवं जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री फिरदौस शाह की उपस्थिति में राजस्व, पंचायत, पुलिस एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने मेले में संचालित खाद्य दुकानों और मनोरंजन के साधनों की जांच की।

चाऊमीन, फुल्की और पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष नजर

निरीक्षण के दौरान चाऊमीन, फुल्की सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और खाद्य सामग्री तैयार करने के तरीके की जांच की गई। दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को स्वच्छ तरीके से तैयार करने एवं परोसने तथा निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा खाद्य दुकानों में पेयजल के रूप में उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता भी जांची गई। जिन स्थानों पर पानी की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां संबंधित पानी को मौके पर ही डिस्पोज कराकर नष्ट कराया गया। खाद्य विभाग द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता जांचने की कार्रवाई भी की जा रही है।

झूलों की सुरक्षा जांच, संचालकों को दिए निर्देश

मड़ई मेलों में बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगाए गए झूलों एवं अन्य मनोरंजन के साधनों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने झूलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करते हुए संचालकों को निर्धारित एवं नियंत्रित गति से झूले संचालित करने और सुरक्षा संबंधी सभी सावधानियों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता

हिर्री में फूड पॉइजनिंग की घटना ने मड़ई मेलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को लेकर सतर्कता की आवश्यकता को सामने रखा है। प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य मेलों में आने वाले ग्रामीणों, बच्चों और अन्य नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

अब देखना होगा कि निरीक्षण और नमूना जांच की कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है तथा जिले के अन्य मड़ई मेलों में भी इस तरह की निगरानी कितनी प्रभावी ढंग से जारी रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button