एक पल में उजड़ा परिवार : मौत के फंदे पर झूली जिंदगी, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

गोटेगांव/नरसिंहपुर ।शहर के शंकर वार्ड में मंगलवार को 38 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान अजय कश्यप पिता शौकीलाल कश्यप के रूप में हुई है। वह मछली बेचने का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, अजय के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य बाजार गए थे। घर पर उसकी पत्नी सपना मौजूद थीं। नहाकर जब वह कमरे से बाहर आईं, तो अजय अंदर वाले कमरे में पंखे के कुंदे से रस्सी के सहारे लटका मिला। इसके बाद उसके भाई को सूचना दी गई। परिजनों ने रस्सी काटकर अजय को नीचे उतारा और ऑटो से अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अजय के दो बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र सात वर्ष और दूसरे की दो वर्ष है। घटना से परिवार सदमे में है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। अस्पताल चौकी पुलिस द्वारा मर्ग डायरी कोतवाली थाने भेजी जाएगी, जहां पुलिस मामले की जांच करेगी।







