जुआ एक्ट की कार्रवाई में संदिग्ध आचरण पर टपक पड़ी गाज, कटारा हिल्स टीआई सुनील दुबे सस्पेंड

जुआ एक्ट की कार्रवाई में संदिग्ध आचरण पर टपक पड़ी गाज, कटारा हिल्स टीआई सुनील दुबे सस्पेंड
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में खाकी की कार्यप्रणाली एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। कमिश्नर प्रणाली के बावजूद पुलिस महकमे में अनुशासनहीनता और संदिग्ध आचरण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामले में, कंटारा हिल्स थाने के प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे को उच्च अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई थाने में दर्ज एक जुआ एक्ट के प्रकरण के दौरान उनकी भूमिका और कार्यशैली को संदेहास्पद पाए जाने पर की गई है।
सूत्रों और जारी आदेश के अनुसार, कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1867 की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी। इस पूरी कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे का आचरण प्रथमदृष्टया बेहद संदेहास्पद पाया गया। मामले की नज़ाकत और प्रशासनिक साख को ताक पर रखने की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी जोन-2) आदर्शकांत शुक्ला ने त्वरित और सख्त कदम उठाते हुए यह निलंबन आदेश जारी किया है।
निलंबन अवधि के दौरान इंस्पेक्टर सुनील दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, भोपाल तय किया गया है, और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत प्राथमिक जांच के आदेश दिए गए हैं, जिसकी रिपोर्ट महज 15 दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार हो रही कार्यवाहियों से महकमे में हड़कंप:
राजधानी में दागदार और लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ उच्चाधिकारियों द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। कटारा हिल्स टीआई पर हुई इस कार्रवाई के बाद से भोपाल पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारों का मानना है कि इस तरह के सख्त कदमों से पुलिस की छवि सुधारने में मदद मिलेगी, बशर्ते जांच पारदर्शी तरीके से पूरी हो।








