भोपाल

गिरिबाला सिंह से पूछताछ के बाद गिरफ्तार करेगी सीबीआई  – ट्विशा शर्मा मौत मामले में हाईकोर्ट ने रद्द की सास की अग्रिम जमानत

गिरिबाला सिंह से पूछताछ के बाद गिरफ्तार करेगी सीबीआई 
– ट्विशा शर्मा मौत मामले में हाईकोर्ट ने रद्द की सास की अग्रिम जमानत
भोपाल, यशभारत। पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने जांच तेज कर दी है। गुरुवार सुबह सीबीआई की टीम गिरिबाला सिंह के बंगले पर पहुंची। इस दौरान सीबीआई अधिकारियों ने अपनी पूछताछ की। दोपहर तक पूछताछ की कार्रवाई जारी रही। सवालों के जवाब मिलने के बाद सीबीआई की टीम गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार करेगी। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा मामले की मुख्य आरोपी और ट्विशा की सास, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के तुरंत बाद सीबीआई की टीम हरकत में आ गई। घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने देर रात एक बड़ा फैसला सुनाते हुए निचली अदालत द्वारा 15 मई को गिरिबाला सिंह को दी गई अग्रिम जमानत को पूरी तरह रद्द कर दिया। हाईकोर्ट ने अपने 17 पन्नों के कड़े आदेश में ट्रायल कोर्ट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि निचली अदालत ने केस डायरी और उपलब्ध साक्ष्यों का सही तरीके से परीक्षण नहीं किया।
हाईकोर्ट ने इस बात को बेहद महत्वपूर्ण माना कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतका के शरीर पर फांसी के अलावा अन्य चोटों के निशान भी पाए गए थे, जो केवल शव को नीचे उतारने के दौरान नहीं आ सकते थे। इसके अलावा, कोर्ट ने यह भी दर्ज किया कि आरोपी पक्ष ने जांच में पूरा सहयोग नहीं किया और मीडिया में बयानबाजी कर मृतका की छवि खराब करने की कोशिश की, जिससे जांच प्रभावित हो सकती है। गवाहों के बयानों और व्हाट्सऐप चैट्स का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि मृतका पर लगातार गर्भपात कराने का दबाव बनाया जा रहा था और उसे दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मामले की गंभीरता और शुरुआती चरण को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना न्यायोचित नहीं है।
मामले में सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सिंह, ट्विशा के पिता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा और आरोपी पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता नित्या ने अपनी दलीलें पेश की थीं।
उल्लेखनीय है कि 12 मई की रात कटारा हिल्स में ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने पति और सास पर प्रताडऩा और हत्या का आरोप लगाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए 24 मई को दिल्ली एम्स की टीम की निगरानी में शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया गया था, जिसके बाद भाई मेजर हर्षित ने ट्विशा का अंतिम संस्कार किया था।
इस मामले में सीबीआई ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट ने उसे 29 मई तक सीबीआई रिमांड पर भेजा है। सीबीआई फिलहाल समर्थ से लगातार पूछताछ कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड के जरिए घटना की रात के घटनाक्रम का मिलान कर रही है। अब सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद उन पर भी कस्टोडियल इंटरोगेशन का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि, आरोपी पक्ष के पास अब इस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर करने का विकल्प खुला है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button