घरेलू विवाद में 16 साल के मासूम बेटे पर पिता ने तानी राइफल, फायर झोंका; बाल-बाल बची जान

घरेलू विवाद में 16 साल के मासूम बेटे पर पिता ने तानी राइफल, फायर झोंका; बाल-बाल बची जान
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोक गार्डन थाना क्षेत्र में एक पिता ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपना आपा खो दिया और अपने ही 16 वर्षीय बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने अपनी लाइसेंसी राइफल से बेटे पर सीधे फायर कर दिया, हालांकि समय रहते बेटा झुक गया जिससे उसकी जान बच गई। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, घटना अशोक गार्डन इलाके की है। पिता और पुत्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से से तमतमाए पिता ने घर के अंदर रखी अपनी लाइसेंसी राइफल निकाली और बेटे पर निशाना साधकर ट्रिगर दबा दिया। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा, राइफल जब्त
सूचना मिलते ही अशोक गार्डन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी राइफल और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब राइफल के लाइसेंस को निरस्त कराने की कार्रवाई भी कर रही है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयासऔर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी परिवार के साथ मारपीट या डराने-धमकाने जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







