यश भारत फॉलोअप -हत्या के बाद भी नहीं थमी हैवानियत? महिला के शव से दुष्कर्म की आशंका, आरोपी की मां से ‘मदद’ के नाम पर 2 लाख ऐंठने का आरोप

जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र के शीतलामाई में महिला की हत्या का मामला अब और भी सनसनीखेज होता जा रहा है। पहले महिला की गला दबाकर हत्या… फिर शव के साथ दुष्कर्म की आशंका… और अब आरोपी की मां से बेटे को कोर्ट में पेश कराने के नाम पर 2 लाख रुपए लेने के आरोप ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।पुलिस ने आरोपी अतुल कोरी को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को उसका डीएनए टेस्ट कराया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतिका के साथ दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए आरोपी के सैंपल लिए गए हैं। अब रिपोर्ट यह तय करेगी कि आरोपी ने महिला की हत्या से पहले दुष्कर्म किया था या फिर मौत के बाद भी हैवानियत की सारी हदें पार कीं।
जानकारी के अनुसार आरती चौधरी (38) आरोपी के घर में साफ-सफाई का काम करती थी। शुक्रवार को आरोपी की मां शादी समारोह में गई हुई थी और घर में अतुल अकेला था। इसी दौरान महिला वहां पहुंची थी। आरोप है कि आरोपी ने पहले महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।सूत्रों का दावा है कि हत्या के बाद आरोपी काफी देर तक घर में ही मौजूद रहा और फिर बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गया। इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है।शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतिका के परिजनों ने थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया था और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को बरेला से गिरफ्तार कर लिया।डीएनए टेस्ट के बाद अब रिपोर्ट का इंतजार है। यदि दुष्कर्म की पुष्टि होती है तो आरोपी पर और गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी।इसी बीच आरोपी की मां ने भी चौंकाने वाला आरोप लगाया है कि बेटे को कोर्ट में पेश कराने और मामले में मदद दिलाने के नाम पर कुछ कथित भाजपा नेताओं ने उससे 2 लाख रुपए ले लिए। इस आरोप के सामने आने के बाद मामले में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।







