कटनी

जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक में विकास कार्यों पर मंथन

माइनिंग कॉन्क्लेव, जल संरक्षण, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा

जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक में विकास कार्यों पर मंथन

माइनिंग कॉन्क्लेव, जल संरक्षण, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा02

01

कटनी, यशभारत। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक में जिले के विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और अधोसंरचना परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने की। बैठक में विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय, धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर प्रीति सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, पीताम्बर टोपनानी, रामरतन पायल, सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जिले में आयोजित माइनिंग कॉन्क्लेव जिले में खनिज आधारित उद्योगों के विकास को नई दिशा दे रही है। उन्होंने कहा कि जिले की खनिज संपदा को देखते हुए उद्योगों के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं और इस दिशा में समन्वित प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण नल-जल योजनाओं का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। साथ ही सड़कों के रेस्टोरेशन कार्य पूरे होने के बाद ही योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए।
बैठक में विधायक ने सुझाव दिया कि शहर की ऐसी खदानें जिनमें बारहमासी जल उपलब्ध रहता है, उनका उपयोग गर्मी के दौरान पेयजल आपूर्ति के लिए किया जा सकता है।

जल संरक्षण अभियान की समीक्षा

जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने जानकारी दी कि जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत जनभागीदारी से 9 हजार से अधिक जल संरक्षण कार्य किए जा रहे हैं। इनमें करीब 6600 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि लगभग 2500 कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा पुराने जल स्रोतों की मरम्मत एवं नए निर्माण से जुड़े 3 हजार से अधिक कार्य भी पूर्ण किए जा चुके हैं।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने नदी सफाई और जल संरक्षण के कार्यों में माइनिंग व्यवसायियों और नगर निगम के ठेकेदारों से सहयोग लेने की बात कही। इस दौरान कलेक्टर ने बताया कि कटनी नदी सहित अन्य जल संरचनाओं का सीमांकन कराया जाएगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं पर चर्चा
बैठक में बताया गया कि जिले का इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 3.5 प्रतिशत बेहतर रहा है। प्रभारी मंत्री ने मानकों का पालन नहीं करने वाले निजी स्कूलों पर कार्रवाई करने और शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान में जिले ने समय से पहले 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। वहीं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत विभिन्न विकासखंडों में टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
बैठक में गेहूं, चना एवं मसूर उपार्जन, महिला एवं बाल विकास, कृषि, लोक निर्माण, जल निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, राजस्व और अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, सहायक कलेक्टर श्लोक वायकर, संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उईके सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button