भोपाल में खाद्य सुरक्षा पर फिर सवाल, सैंडविच में कीड़े निकलने का वीडियो वायरल

भोपाल में खाद्य सुरक्षा पर फिर सवाल, सैंडविच में कीड़े निकलने का वीडियो वायरल
भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल में लोगों के स्वास्थ्य के साथ कथित खिलवाड़ का मामला एक बार फिर सामने आया है। शहर के प्रतिष्ठित फूड संस्थान सागर गेरे के खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। जानकारी के अनुसार सात नंबर स्थित आउटलेट से खरीदी गई सैंडविच में कीड़े निकलने का मामला सामने आया है, जिसके बाद ग्राहक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने में यह दूसरी घटना है जब खाने में कीड़े निकलने की शिकायत सामने आई है। वायरल वीडियो के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और खाद्य सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्राहकों का आरोप है कि शहर में लगातार खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में गंभीर नजर नहीं आ रहा। मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई अनियमितता या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो कलेक्टर भोपाल के निर्देशानुसार संबंधित संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने कहा कि खाद्य विभाग लगातार जांच और कार्रवाई कर रहा है तथा इस मामले को भी गंभीरता से लिया गया है। वहीं शहरवासियों का कहना है कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में केवल जांच नहीं बल्कि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।







