शराब तस्करी करते युवक गिरफ्तार, रंगनाथ नगर पुलिस ने अवैध शराब और गाड़ी सहित आरोपी को दबोचा

कटनी, यशभारत। जिले में अवैध शराब के खिलाफ रंगनाथ नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रंगनाथनगर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ एक आरोपी को वाहन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फॉरेस्टर वार्ड झर्राटिकुरिया निवासी 22 वर्षीय सौरभ चौधरी को शराब तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी से लगभग 30 हजार रुपए कीमत की करीब 54 लीटर अवैध शराब जब्त की है, साथ ही बिना नंबर की सफेद वर्गमैन गाड़ी, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है, वह भी जब्त की है। रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुनपाल सिंह ने बताया कि गत दिवस पुलिस को सूचना मिली कि ओएफके ग्राउंड के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी में रखी बोरियों और डिग्गी में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी शराब को लेकर पुलिस को गुमराह करता नजर आया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।







