री-पोलिंग से बदलेगा खेल?— पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर फिर मतदान, दो चरणों के बाद सियासत गरमाई
मतदान का हाल (दोपहर 3 बजे तक):

री-पोलिंग से बदलेगा खेल?— पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर फिर मतदान, दो चरणों के बाद सियासत गरमाई
बंगाल, यश भारत।पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल अपने चरम पर है। दो चरणों की वोटिंग के बाद जहां सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, वहीं आज सियासी हलचल के बीच 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग कराई जा रही है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर साउथ परगना जिले की मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर विधानसभा सीटों के इन बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है। इनमें मगराहाट वेस्ट के 11 और डायमंड हार्बर के 4 पोलिंग बूथ शामिल हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।
दरअसल, आयोग को कुल 77 पोलिंग सेंटर्स पर री-पोलिंग की मांग मिली थी। आरोप लगाए गए थे कि कुछ जगहों पर EVM से छेड़छाड़ हुई है, जबकि कई बूथों पर मशीनों में गड़बड़ी की शिकायत सामने आई थी। चुनाव पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के बाद आयोग ने इन 15 बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया।
किन बूथों पर हो रही है री-पोलिंग?
डायमंड हार्बर में बूथ नंबर 117, 179, 194 और 243 पर फिर से मतदान हो रहा है। वहीं मगराहाट वेस्ट में 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 नंबर बूथों पर वोट डाले जा रहे हैं।
मतदान का हाल (दोपहर 3 बजे तक):
दोपहर 3 बजे तक मगराहाट वेस्ट में करीब 72.50% और डायमंड हार्बर में 72.36% मतदान दर्ज किया गया। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।
काउंटिंग के लिए सख्त इंतजाम
मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए 242 नए ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं, जिनमें 165 काउंटिंग ऑब्जर्वर और 77 पुलिस ऑब्जर्वर शामिल हैं।
मतदान खत्म होने के बाद EVM को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा और 4 मई को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी।







