अपनी मांगों को लेकर आरडीवीवी के कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय में की तालाबंदी
अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, मध्यप्रदेश शासन के खिलाफ किया प्रदर्शन

जबलपुर। सातवें वेतनमान से पेंशन का भुगतान, स्थाई कर्मियों के नियमतिकरण, मेडिक्लेम की राशि के क्रियान्वयन और पुरानी पेंशन लागू करने की मांग पर मध्यप्रदेश शासन ने जब ध्यान नहीं दिय तो शुक्रवार से पूरे प्रदेश के 13 विश्वविद्यालयों के करीब 5 हजार से अधिक कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इसी कड़ी में रानीदुर्गावती विश्वविद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने विवि में शुक्रवार को तालाबंदी की और धरना देकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। इस संबंध में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ जबलपुर के अध्यक्ष प्रेम पुरोहित ने बताया कि मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ और मप्र पेंशनर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान हम पिछले दो सालों से कर्मचारियों और पेंशनर्स की मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन मध्यप्रदेश शासन का ध्यान हमारी मांगों पर नहीं जा रहा है। वहीं हड़ताल के कारण रानीदुर्गावती विश्वविद्यालय के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण विवि प्रशासन द्वारा 3, 4 और 6 जून को आयोजित परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है।







