महिला आरक्षण बिल के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्लाबोल, हाथ में लॉलीपॉप लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं

महिला आरक्षण बिल के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्लाबोल, हाथ में लॉलीपॉप लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में आज महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार के महिला आरक्षण बिल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुए इस उग्र प्रदर्शन में सैकड़ों महिलाएं हाथों में सांकेतिक लॉलीपॉप लेकर सड़कों पर उतरीं। कार्यकर्ताओं ने इस बिल को महिलाओं के साथ धोखा बताते हुए इसे सरकार का चुनावी लॉलीपॉप करार दिया।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए महिला कार्यकर्ता नारेबाजी के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकलीं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और आरोप लगाया कि आरक्षण बिल को जनगणना और परिसीमन की शर्तों में उलझाकर सरकार ने इसे भविष्य के गर्त में धकेल दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महिलाओं को तत्काल आरक्षण की आवश्यकता है, लेकिन सरकार केवल झूठा श्रेय लेने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है।
भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रही महिला कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक झूमाझटकी और नोकझोंक भी हुई। पुलिस बल ने सुरक्षा के मद्देनजर प्रदर्शनकारियों को भाजपा दफ्तर के काफी पहले ही रोक लिया, जिसके बाद महिलाओं ने वहीं सड़क पर बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि आरक्षण को बिना किसी शर्त के तुरंत लागू नहीं किया गया, तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में उग्र रूप लेगा।





