आंगनबाड़ी केंद्र के पास जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश: 10 जुआरी गिरफ्तार, 50,300 रुपये जब्त

जबलपुर। थाना हनुमानताल क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के फड़ पर छापा मारकर 10 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 50 हजार 300 रुपये नगद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई-पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले भर में जुआ-सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश-नगर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि हनुमानताल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
भागने की कोशिश, फिर भी पकड़े गए-पुलिस को देखते ही जुआरी भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपने नाम-पते बताए, जिनमें अधिकांश खटीक मोहल्ला क्षेत्र के निवासी हैं।
जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई-पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
उल्लेखनीय भूमिका-जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ने में नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया, थाना प्रभारी सुभाष बघेल , हनुमानताल के प्रधान आरक्षक शिवशंकर यादव, आरक्षक आशीष, साजिद, थाना गोरखपुर के आरक्षक सौरभ तिवारी, चौकी प्रभारी उखरी उप निरीक्षक संजय गुर्जर, आरक्षक अमर, अजय तथा कंट्रोल रूम के आरक्षक विक्रम बसेडिया की सराहनीय भूमिका रही।







