दर्दनाक हादसा: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत

हटा (दमोह)। दमोह जिले के हटा ब्लॉक अंतर्गत रजपुरा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सेमरा गांव में मिट्टी की खुदाई के कारण बने गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। बताया जा रहा है कि सोनू यादव और भविष्य यादव, दोनों पिता संजू यादव, नहाने के लिए उस गड्ढे में गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बच्चों को बाहर निकालकर डायल-112 की सहायता से सिविल अस्पताल हटा लाया गया। यहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों से चर्चा कर उन्हें ढांढस बंधाया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि मिट्टी की खुदाई के बाद बने गहरे गड्ढे को न तो भरा गया और न ही वहां किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। इसी लापरवाही के कारण यह हृदयविदारक हादसा हुआ।







