उखरी में भीषण अग्निकांड, एक घंटे से धधक रहा टेंट गोदाम; 12 से 15 दमकलें भी आग पर नहीं पा सकीं काबू

जबलपुर, यश भारत। उखरी पुलिस चौकी के सामने स्थित पारस टेंट सप्लायर्स के गोदाम में लगी भीषण आग लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है। आग लगने के करीब एक घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।आग बुझाने के लिए नगर निगम और फायर ब्रिगेड की लगभग 12 से 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे हैं, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक है कि उसने गोदाम के सेकंड और थर्ड फ्लोर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया है। दोनों मंजिलों पर रखा सामान धू-धू कर जल रहा है और आग का विकराल रूप अभी भी जारी है।
प्रथम दृष्टया मिली जानकारी के अनुसार गोदाम में बड़ी मात्रा में टेंट सामग्री, कुर्सियां, टेबल सहित अन्य सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आ गया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर मध्य विधानसभा के विधायक अभिलाष पांडे भी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। वहीं आग की भयावहता को देखते हुए घटनास्थल पर शहर के बड़ी संख्या में लोग भी एकत्र हो गए हैं।







