आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर दुकानदार पर हमला, नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश
लॉर्डगंज थाना क्षेत्र के गढ़ा फाटक इलाके का मामला

जबलपुर,यशभारत। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र के गढ़ा फाटक इलाके में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक दुकानदार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले दुकानदार की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, फिर लाठी से मारपीट कर गल्ले में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए।
घायल दुकानदार संयम जैन के अनुसार, शनिवार को उनके पड़ोसी छोटू सेन से सड़क पर बिल्डिंग मटेरियल फैलाने को लेकर मामूली विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते रविवार को छोटू अपने दो साथियों के साथ उनकी दुकान पर पहुंचा। यहां पहले मिर्च पाउडर फेंका गया और फिर लाठी से हमला कर घायल कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने दुकान से नकदी निकालकर मौके से भाग निकले।
घटना के बाद घायल दुकानदार ने लॉर्डगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, एक दिन पूर्व हुए विवाद के चलते मारपीट और लूट की यह घटना सामने आई है। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।






