जबलपुरमध्य प्रदेश

एमपी बोर्ड परिणाम में जबलपुर के शासकीय स्कूलों का शानदार प्रदर्शन, कई छात्रों ने बनाई मेरिट में जगह

शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल

जबलपुर, यशभारत। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में जबलपुर के शासकीय विद्यालयों के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। इस बार सरकारी स्कूलों का परिणाम निजी स्कूलों की तुलना में बेहतर रहा, जिससे शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल है। जारी परिणामों के अनुसार कक्षा 12वीं में शासकीय स्कूलों का रिजल्ट 83.68 प्रतिशत रहा, जबकि निजी स्कूलों का परिणाम 72.19 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं कक्षा 10वीं में सरकारी स्कूलों ने 80.59 प्रतिशत परिणाम के साथ निजी स्कूलों के 68.23 प्रतिशत रिजल्ट को पीछे छोड़ दिया।

कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में मॉडल हाई स्कूल की छात्रा श्रेया जैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश मेरिट सूची में चौथा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार सांदीपनी स्कूल, सिहोरा की छात्रा रश्मि गडरी ने भी चौथा स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया। इसके अलावा गढ़ा रानी दुर्गावती स्कूल के छात्र-छात्राओं शुभ सैनी, अभिषेक मिश्रा, राजश्री विश्वकर्मा, कल्पना ठाकुर और अनिकेत कोष्टा ने भी मेरिट सूची में स्थान बनाकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।

कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में भी जबलपुर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। मॉडल स्कूल की छात्रा अल्फिया अंजुम ने कला संकाय में दसवां स्थान प्राप्त किया, जबकि अनम अंसारी ने वाणिज्य संकाय में दसवां स्थान हासिल किया। वहीं विज्ञान (बायोलॉजी) संकाय में कृति पांडे ने आठवां स्थान और ओम चौकसे ने दसवां स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button