जलती चिता पर कूदकर युवक ने दी जान, सिहोरा खितौला के मुक्तिधाम में सनसनी
जबलपुर,यशभारत

जलती चिता पर कूदकर युवक ने दी जान, सिहोरा खितौला के मुक्तिधाम में सनसनी
जबलपुर,यशभारत। जबलपुर के सिहोरा-खितौला क्षेत्र में स्थित मुक्तिधाम में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खितौला-मझगवां रोड पर हिरन नदी किनारे बने श्मशान घाट में एक युवक ने जलती चिता पर कूदकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम एक जैन परिवार की महिला का अंतिम संस्कार किया गया था। रविवार सुबह जब परिजन दोबारा मुक्तिधाम पहुंचे, तो उन्होंने चिता पर एक युवक को अधजली अवस्था में मृत पाया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही खितौला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर मृतक की पहचान वार्ड क्रमांक-15 निवासी 27 वर्षीय शिवम उर्फ शिब्बू कोल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से लापता था। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर था और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।







