नामचीन सटोरिए गिरफ्तार, मास्टर माइंड अंडरग्राउण्ड दो का पुलिस रिमांड, 4 गए जेल, गोवा से सट्टे का नेटवर्क ऑपरेट कर रहे माधवनगर के बुकीज पुलिस की रेड

कटनी, यशभारत। आईपीएल मैच के दौरान माधवनगर के चर्चित सटोरिए कटनी से दूर गोवा में बैठकर पूरे देश में सट्टे के कारोबार को संचालित कर रहे थे। इस बात का खुलासा माधवनगर पुलिस की छापामार कार्यवाही से हुआ है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्यवाही करते हुए सट्टेबाजों को गोवा से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की ली है। माधवनगर पुलिस ने छापामार कार्यवाही करते हुए गोवा से माधवनगर के 4 नामचीन सटोरियों को पकड़ा है तो कटनी से दो सट्टा कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे क्लीन लिफ्ट ऑपरेशन के तहत क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माधवनगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार माधवनगर में सक्रिय सट्टा कारोबारी पिंका आडवाणी, बंटी वाधवानी, सुनील मुलजानी, रोहित जयसिंघानी, राहुल आहूजा को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी कटनी के अलावा कल्याण, जयपुर और गोवा में भी नेटवर्क बनाकर ऑनलाइन सट्टा कारोबार संचालित कर रहे थे। इस गिरोह के माध्यम से करोड़ों रुपए का लेन-देन होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके जरिए सट्टा संचालन करने वाले मुख्य सरगनाओं की तलाश की जा रही है।
करोड़ों का हिसाब और ऑनलाइन नेटवर्क
पुलिस की प्राथमिक जांच और जब्त दस्तावेजों से यह खुलासा हुआ है कि यह गिरोह न केवल कटनी, बल्कि कल्याण, जयपुर और गोवा जैसे शहरों में अपना नेटवर्क फैला चुका था। आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन और डायरियों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का हिसाब मिला है। यह गिरोह अत्याधुनिक ऐप्स और ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आईपीएल मैचों पर हार-जीत का दांव लगवा रहा था। पुलिस की इस दबिश के बाद सट्टा बाजार में हडक़ंप मच गया है। माधवनगर क्षेत्र में सक्रिय कई नामचीन सटोरिए पुलिस की भनक लगते ही भूमिगत हो गए हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके जरिए सट्टा संचालन करने वाले मुख्य सरगनाओं की तलाश की जा रही है
बड़े सटोरियों पर कब होगी कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार क्रिकेट सट्टे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ सट्टा कारोबार के मुख्य सरगनाओं तक नहीं पहुंच पाए हैं। बताया जाता है कि बड़े सटोरिये पुलिस से बचने के लिए साउंड प्रूफ एवं सुरक्षित स्थानों से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कुछ बड़े सटोरियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण उन तक कार्रवाई की पहुंच सीमित हो जाती है। पुलिस कप्तान द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन क्लीन लिफ्ट के तहत अब तक कई बुकियों को गिरफ्तार किया जा चुका है लेकिन मास्टरमाइंड की तलाश जारी है। अधिकारियों का मानना है कि मुखबिर तंत्र को और सक्रिय कर बड़े नेटवर्क तक पहुंच बनाई जाएगी।
युवाओं को बरबाद कर रहे सटोरिए
क्रिकेट बुकीज सट्टे की बुकिंग कर युवाओं को इस गोरखधंधे में लिप्त कर रहे और अवैध कमाई से धनपति बन रहे और शार्ट टाइम में ज्यादा पूंजी बनाने का सपना दिखाकर युवाओं और व्यापारियों को बर्बाद करने का काम करते है। क्रिकेट सट्टे में अब तक सैकड़ों परिवार बर्बाद हो चुके है। यहां तक की क्रिकेट मैच में जुआ खेलकर सट्टे लगाकर कर्ज में फंस जाते है और अनेको कर्ज उधार और ब्याज पर लिए रुपयों को न चुका पाने के कारण आत्महत्या तक कर चुके है।






