कटनी

इस बार 6 दिन का होगा दीपोत्सव, 6 नवंबर को धनतेरस से होगी रोशनी के महापर्व की शुरूआत, 8 नवंबर को दीपावली, 11 को भाईदूज

कटनी, यशभारत। पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व की शुरूआत छह नवंबर को धनतेरस से हो रही है। इसके दूसरे दिन 7 नवंबर को नरक चौदस और 8 नवंबर को दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार तिथियों के घटने-बढऩे से दीपोत्सव पर्व छह दिन का है। 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाईदूज मनाई जाएगी। 8 नवंबर को अमावस्या के साथ प्रदोष काल और स्थिर लग्न का संयोग है। इसे लक्ष्मी पूजन के लिए शुभ माना जाता है। अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11.28 बजे शुरू होगी, जो नौ नवंबर को दोपहर 12.31 बजे तक रहेगी। ऐसे में 8 नवंबर को दिनभर अमावस्या रहने के साथ रात में निशीथ काल का संयोग भी बन रहा है।
प्रदोष काल और स्थिर लग्न का संयोग
दीपावली पर मां लक्ष्मी की आराधना के लिए इस बार प्रदोष काल और स्थिर लग्न का संयोग बन रहा है। अमावस्या तिथि के दौरान शाम के समय लक्ष्मी पूजन करना शुभ रहेगा। वृषभ लग्न को स्थिर लग्न माना जाता है। मान्यता है कि इस लग्न में पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और धन-धान्य की वृद्धि होती है। दीपावली पर लक्ष्मी पूजन का समय शाम 5.54 से 7.50 बजे तक रहेगा। इस अवधि में पूजा करने से प्रदोष काल और स्थिर लग्न के संयोग का लाभ मिलेगा। वहीं रात में तंत्र साधना और विशेष पूजा करने वालों के लिए निशीथ काल का मुहूर्त रात 11.39 से 12.31 बजे तक रहेगा। पूजा के दौरान स्वच्छता, दीपदान और विधि विधान का ध्यान रखना चाहिए।
हस्त, चित्रा, स्वाति और विशाखा नक्षत्रों का भी संयोग
ज्योतिषाचार्य पंडित लोकेश व्यास के अनुसार दीपावली पर हस्त, चित्रा, स्वाति और विशाखा नक्षत्रों का संयोग भी रहेगा। दीपावली के बाद नौ नवंबर को दोपहर 12.31 बजे तक अमावस्या रहेगी। इसके बाद शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा शुरू हो जाएगी। प्रतिपदा तिथि दोपहर में शुरू होने के कारण गोवर्धन पूजा दस नवंबर को उदयातिथि के आधार पर की जाएगी। इसके अगले दिन 11 नवंबर को भाईदूज के साथ चित्रगुप्त पूजन होगा।
पर्व की महत्वपूर्ण तिथियां
6 नवंबर धनतेरस : कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि सुबह 10.30 बजे शुरू होगी। अगले दिन सुबह 10.48 बजे तक रहेगी।
7 नवंबर रूप चतुर्दशी : चतुर्दशी तिथि सुबह 10.38 बजे शुरू होगी और आठ नवंबर को सुबह 11.28 बजे तक रहेगी।
8 नवंबर दीपावली : कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि सुबह 11.28 बजे शुरू होगी। इसी दिन दीपावली मनेगी।
10 नवंबर गोवर्धन पूजा : उदयातिथि के अनुसार गोवर्धन पूजा होगी। प्रतिपदा तिथि दोपहर दो बजे तक रहेगी।
11 नवंबर भाईदूज : इस दिन भाईदूज का पर्व और चित्रगुप्त पूजन होगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button