कटनी

बड़ी खबर : कटनी से सटे उमरिया के जंगल में मिला बाघ का सड़ा-गला शव, कई दिन पहले मौत होने का अनुमान, पूरे इलाके को घेरकर वन विभाग ने की सर्चिंग

कटनी/उमरिया, यशभारत। कटनी से सटे उमरिया जिले के जंगल में बाघ का सड़ा-गला शव मिलने से हडक़ंप मच गया है। वन विभाग के मुताबिक बाघ की मौत कई दिन पहले होने का अनुमान है। वन विभाग ने पूरे इलाके को घेरकर जांच और सर्च अभियान शुरू किया। हालांकि अब तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी। जानकारी के मुताबिक उमरिया जिले के मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम क्षेत्र में एक बाघ का क्षत-विक्षत और सड़ा-गला शव मिलने से वन विभाग में हडक़ंप मच गया है। जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग और राज्य वन विकास निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई। जानकारी के अनुसार यह मामला उमरिया परियोजना परिक्षेत्र के चंदवार बीट के पी 111 राजस्व क्षेत्र का है। यहां घनी झाडिय़ों के बीच बाघ का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। शव की स्थिति बेहद खराब थी, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि बाघ की मौत कई दिन पहले हो चुकी होगी। शव के क्षत-विक्षत होने के कारण मौके पर ही मौत के कारणों का पता नहीं चल सका, जिससे मामला और भी पेचीदा बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। आसपास के जंगल में हर दिशा में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा हैए ताकि किसी भी तरह के शिकार संघर्ष या अन्य संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिल सकें। जांच को और प्रभावी बनाने के लिए डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है, जो घटनास्थल के आसपास सुराग जुटाने में लगी हुई है। फिलहाल वन विभाग हर एंगल से जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटा है कि यह प्राकृतिक मौत है या इसके पीछे कोई और वजह है। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का सच सामने आ सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button