सफाई मित्रों के लिए मेगा हेल्थ कैंप, 500+ कर्मचारियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
22 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, निःशुल्क जांच और दवा वितरण से कर्मचारियों को मिला बड़ा लाभ

सफाई मित्रों के लिए मेगा हेल्थ कैंप, 500+ कर्मचारियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
22 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, निःशुल्क जांच और दवा वितरण से कर्मचारियों को मिला बड़ा लाभ

कटनी, यशभारत। शहर के के.सी.एस. स्कूल परिसर में नगर निगम द्वारा आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में सफाई मित्रों और निगम कर्मचारियों की भीड़ देखने को मिली। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए इस शिविर में मौके पर ही रजिस्ट्रेशन काउंटर लगाए गए, जहां कर्मचारी लाइन में लगकर अपनी जांच के लिए पंजीयन कराते नजर आए।
स्वास्थ्य शिविर को अलग-अलग जांच केंद्रों में बांटा गया था। ब्लड प्रेशर, शुगर टेस्ट, एक्स-रे और सामान्य जांच के लिए अलग-अलग डेस्क बनाए गए थे, जिससे कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मौके पर मौजूद चिकित्सा टीम लगातार जांच और परामर्श देने में जुटी रही।
इस दौरान 22 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने संयुक्त रूप से 500 से ज्यादा सफाई मित्रों और कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद जरूरतमंदों को वहीं पर निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। सफाई मित्रों ने बताया कि इस तरह के शिविर से उन्हें अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी मिलती है, क्योंकि रोज़मर्रा की व्यस्तता में वे नियमित जांच नहीं करा पाते।
शिविर में श्वसन, त्वचा, नेत्र, दंत, हड्डी और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की जांच भी की गई, जो सफाई कार्य से जुड़े कर्मचारियों के लिए बेहद जरूरी मानी जाती हैं। निगम अधिकारियों ने बताया की यह मेगा हेल्थ कैंप न सिर्फ स्वास्थ्य जांच तक सीमित रहा, बल्कि कर्मचारियों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का भी संदेश देता नजर आया।
“इन विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं:”👇
शहर के जाने माने ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष गट्टानी, डॉ. पारितोष सोनी, डॉ. अभिषेक शर्मा, डॉ. नवीन कर्ण, सर्जन डॉ. आर. हरचंदानी, डॉ. के.एन. लहरिया, डॉ. प्रसंग बजाज, डॉ. रीतेश दुबे, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, डॉ. सुषमा गट्टानी, डॉ. शैफाली गुप्ता, डॉ. अनुराग शर्मा, ऑर्थो विशेषज्ञ डॉ. अनुराग खरे, डॉ. अभिषेक चौरसिया, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विनय जैन, डॉ. अतुलेश जैन, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता वर्मा, डॉ. आर्यन तिवारी, डॉ. शानू अग्रवाल, डॉ. चांदिनी रिमझर एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र दीवान।
“क्या कहती है निगमायुक्त”👇
मौके पर मौजूद नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सफाई मित्र शहर की रीढ़ हैं और उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि आगे भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।







