भोपालमध्य प्रदेश

गोविंदपुरा एससी छात्रावास में बदहाली, गंदा पानी पीने को मजबूर छात्र बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान विद्यार्थियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर बताई समस्याएं

गोविंदपुरा एससी छात्रावास में बदहाली, गंदा पानी पीने को मजबूर छात्र

बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान विद्यार्थियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर बताई समस्याएं

भोपाल, यश भारत। गोविंदपुरा स्थित अनुसूचित जाति शासकीय बालक छात्रावास में अव्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों ने गंभीर शिकायतें की हैं। पानी की समस्या सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर छात्र भोपाल कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से अपनी समस्याएं बताने की कोशिश की। छात्रों का कहना है कि छात्रावास में उन्हें कई जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। विद्यार्थियों के मुताबिक छात्रावास में पीने के लिए साफ पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्हें मटमैला और गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।

बेड पंखे तक की कमी का आरोप

छात्रों ने बताया कि छात्रावास में बेड चादर तकिए और पंखे जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है। इसके अलावा कुछ विद्यार्थियों ने वार्डन के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि समस्याएं बताने पर उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता। छात्रों की शिकायतों ने सरकारी छात्रावासों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उनकी जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं। विद्यार्थियों ने मांग की है कि छात्रावास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पेयजल भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों से समस्याओं के निराकरण की मांग की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button