गांजा तस्करी : उड़ीसा से जुड़े कटनी के तार, तीन आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 620 ग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त

कटनी/पन्ना, यशभारत। पन्ना पुलिस को उड़ीसा राज्य से अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी को रोकने में सफलता मिली है। गांजा की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 620 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है। जिसकी कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रूपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारियों को मादक पदार्थ गांजा के परिवहन, विक्रय, उत्पादन एवं भण्डारण करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। निर्देशों के अनुपालन में पवई थाना प्रभारी त्रिवेन्द्र त्रिवेदी को मुखबिरों से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध व्यक्ति जूही मोड़ पवई कटनी मार्ग पर अपने पीठ पर बैग टांगे हुए है, जिसमे अवैध मादक पदार्थ गांजा लिये कही जाने के इंतजार में खड़े है। जिस पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं एसडीओपी पवई भावना दांगी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर जूही मोड़ पवई कटनी मार्ग रवाना किया गया। जूही मोड पहुंचकर देखा तो तीन व्यक्ति अपने पीठ पर बैग टांगे हुए कही जाने के इंतजार में खड़े थे, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हे पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों मेंं हरप्रसाद पटेल पिता खिल्लू पटेल निवासी ग्राम जटा पहाडी थाना बमीठा जिला छतरपुर, चिरौंजी लाल उर्फ लल्लू पटेल पिता मिजाजी पटेल निवासी ग्राम टपरियन पोस्ट लखेरी थाना खजुराहो जिला छतरपुर एवं परमलाल उर्फ पम्मू पटेल पिता कलिया पटेल निवासी ग्राम रमपुरा थाना बमीठा जिला छतरपुर शामिल है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर तीनों बैग में पॉलीथीन से लपटे अलग-अलग 2-2 पैकेटो में करीब 6 किलो 620 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। पुलिस ने तीनो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा उड़ीसा से सस्ते दामों में विक्रय हेतु लाया गया था। कार्यवाही में थाना प्रभारी पवई त्रिवेन्द्र त्रिवेदी, एएसआई रामसजीवन, प्रधान आरक्षक गणेश सिंह, अनिल गर्ग, आरक्षक प्रेम, रविन्द्र, भागीरथ, सुशील कोल एवं पुलिस सायबर सेल टीम पन्ना का योगदान रहा।







