यार्ड रिमॉडलिंग : थमेंगे कई ट्रेनों के पहिए, कटनी-बीना मेमू एवं कई अन्य टे्रनों के परिचालन पर पड़ेगा असर
कटनी, यशभारत। बीना जंक्शन पर चल रहा यार्ड रिमॉडलिंग कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। रेलवे बोर्ड से अंतिम स्वीकृति मिलते ही अगले 10 दिनों में 65 दिनों का प्री प्रीएनआई, प्रीएनआई और एनआई ब्लॉक शुरू होने की संभावना है। इस दौरान 344 ट्रेनें प्रभावित होंगी। 212 ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा और 16 ट्रेनों के 170 ट्रिप पूरी तरह निरस्त रहेंगे। कई प्रमुख एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। रेलवे के इस मेगा ब्लॉक से हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। बीना जंक्शन पर यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य रेलवे की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है। कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम होगा। हालांकि निर्माण कार्य के दौरान रेलवे ने व्यापक स्तर पर ट्रेन संचालन में बदलाव का निर्णय लिया है। जिसके चलते गाड़ी संख्या 61619 बीना-कटनी मुड़वारा मेमू, गाड़ी संख्या 61620 कटनी मुड़वारा-बीना मेमू 16 ट्रिप, गाड़ी संख्या 22169 संतरागाछी एक्सप्रेस व गाड़ी संख्या 22170 संतरागाछी एक्सप्रेस एक-एक दिन निरस्त रहेंगी। रेलवे ने आगासौद स्टेशन से डाली गई तीसरी लाइन व यार्ड रीमॉडलिंग कार्य को सुरक्षित और चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए बीते 12 अगस्त से 24 अक्टूबर तक बीपीएनई, प्री एनआई, एनआई और पोस्ट एनआई चार चरणों में काम शुरू कर दिया है। इस दौरान अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक ब्लॉक और नॉन इंटरलॉकिंग एनआई कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के चलते रेलवे ने कई ट्रेनों को निरस्त किया है। इसलिए आने वाले दिनों में आप यात्रा करने के प्लान कर रहे है तो पहले चेक जरूर कर लें।
निरस्त रहेंगी यह प्रमुख ट्रेनें
जबलपुर से कटनी मुड़वारा होकर हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस 26 सितंबर से 14 अक्टूबर 19 ट्रिप, हजरत निजामुद्दीन जबलपुर एक्सप्रेस 27 सितंबर से 15 अक्टूबर 19 ट्रिप को निरस्त रहेगी। वहीं केवल एक एक दिन जिन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, उनमें जबलपुर हजरत निजामुद्दीन 8 अक्टूबर, दुर्ग हजरत निजामुद्दीन 8 अक्टूबर, पुरी योग नगरी ऋषिकेश 7 अक्टूबर, अंबिकापुर हजरत निजामुद्दीन 8 अक्टूबर, विशाखापट्टनम हजरत निजामुद्दीन 14 अक्टूबर शामिल है।






