
जबलपुर, यश भारत। बिजली चोरी के मामलों में पेनाल्टी की राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने शहरभर में विशेष अभियान शुरू किया है। बारिश के बावजूद बुधवार को 35 से अधिक अधिकारियों और टीमों ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान 512 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पोल से विच्छेदित किए गए। इनमें घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ता शामिल हैं। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा अनुसार कार्रवाई के बाद 107 उपभोक्ताओं ने करीब 29 लाख रुपए की बकाया पेनाल्टी जमा कर दी। अभियान में 5 हजार रुपए से अधिक की पेनाल्टी वाले 8680 उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया है। इनमें दक्षिण संभाग के 2686, उत्तर के 2023, विजय नगर के 1109 और पश्चिम संभाग के 438 उपभोक्ता शामिल हैं।विभाग ने बताया कि शहर में बिजली चोरी के मामलों की 20 करोड़ रुपए से अधिक की पेनाल्टी अब भी बकाया है। कार्रवाई के दौरान कनेक्शन पोल से काटने के लिए टीमों को लैडर वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि उपभोक्ता दोबारा कनेक्शन न जोड़ सकें। इसी अभियान में गौतम मढ़िया निवासी तुलसीराम काछी का 38 हजार रुपए बकाया होने पर कनेक्शन काटा गया। विभाग का कहना है कि अगस्त में भुगतान नहीं करने वाले मामलों को विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।






