यशभारत डिंडोरी ।गर्मी शुरू होने के साथ ही जिले में जलसंकट की भीषण समस्या बन रही है। जलसंकट से जिले के सैकड़ों गांव के ग्रामीण जूझ रहे है। अनेक ग्राम के ग्रामवासियों को जिले में करोड़ों की लागत से बनी नल जल योजना से भी पानी नहीं मिल पा रहा है। जलसंकट से जूझ रहे कई ग्रामों के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर पानी की समस्या का निराकरण कराने की गुहार कलेक्टर से लगाई है।
जनपद पंचायत मेंहदवानी अंतर्गत ग्राम पंचायत भुरका निवासी ग्रामीणों ने जनसुनवाई में जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर में पानी पहुंचाने की मांग की गई है। आवेदन में लेख किया गया कि ग्राम के टिमरी टोला में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है, लेकिन सप्लाई बंद है, जिससे पेयजल संकट से जूझना पडता है, ऐसी दशा में ग्रामीणों को नाला और झिरिया का पानी पीने को मजबूर हैं। आलम यह रहता है कि मई और जून माह में नाला झिरिया भी सूख जाते है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ता है। ग्रामीणों की मांग है कि ग्राम भुरका में दो नलकूप का उत्खनन कर दिया जाये जिससे सभी घरों के रहवासियों को पानी पर्याप्त मात्रा में मिल सके।
पेयजल संकट से जूझ रहे रयपुरा के ग्रामवासी – जनपद पंचायत डिंडोरी अंतर्गत ग्राम रयपुरा में गंभीर पेयजल संकट से ग्रामवासी जूझ रहे है। परेशान ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर शीघ्र समस्या के निराकरण की मांग की है। आवेदन में कली बाई, संतोषी, संपत्तियां, श्यामवती, कौशल्या, श्यामा बाई, प्रेमचंद, आसाराम, नारायण सिंह, बुद्धसेन धुर्वे समेत अन्य ग्राम वासियों ने बतलाया कि हमारे टिकरा टोला मोहल्ला में पिछले काफी समय से से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। मोहल्ले के निवासी रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए पानी की कमी से जूझ रहे है। ग्राम में नल जल योजना का संचालन सही तरीके से नहीं हो पा रहा है, पानी भी नहीं आता है। इस कारण लोगों को दूर-दूर से चलकर पानी लाना पड रहा है. जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को अत्याधिक परेशानियों की सामना करना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम रयपुरा के टिकराटोला में व्याप्त पानी की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए।
सरहरी के ग्रामीण भी पानी के लिए परेशान- इसी तरह जनपद पंचायत डिंडोरी अंतर्गत ग्राम सरहरी के ग्राम वासियों ने जनसुनवाई में पानी की समस्या को लेकर आवेदन दिया है। आवेदन में लेख किया गया कि ग्राम सरहरी स्कूल टोला में लगभग 60-70 परिवार निवास करते हैं। स्कूल टोला में नलकूप नहीं है, जिस कारण पीने का पानी लंबी दूरी से निवासरत परिवारों द्वारा लाया जाता है। जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है, कि समस्या के मद्देनजर स्कूल टोला में नलकूप खनन कराया जाए ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट से निजात मिल सके।
गनवाही में भी गहराया जलसंकट – जिले के विकासखण्ड डिण्डौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत गनवाही के सरपंच द्वारा जनसुनवाई में दिए गए आवेदन में लेख किया गया कि पंचायत में विगत 2-3 वर्षों से नल जल योजना संचालित है। गर्मी में जल स्तर कम होने के कारण बोर से पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को पानी की पर्याप्त आपूर्ति हेतु विभाग से अनुमति दिलाने की मांग की गई है, ताकि कूप से पानी पहुँचा सके या टैंकर के माध्यम से पानी ग्रामीणों के घरों तक पहुंचाया जा सके। ग्राम पंचायत गनवाही में पानी की समस्या को देखते हुए इस संबंध में अनुमति प्रदाय करने की मांग की गई है।
हैंडपंप खनन कराने की मांग – जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सक्का के हलका टोला में पेयजल समस्या का समाधान हेतु स्व. अनिल गायकवाड के घर के पास एक नलकूप उत्खनन की मांग ग्रामीणों द्वारा जनसुनवाई में की गई है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में लेख किया गया कि टोला में अत्याधिक पेयजल संकट को दृष्टिगत रखते हुये ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पारित कर हलकार टोला में अनिल के घर के पास एक हैंडपंप खुदाई संबंधी प्रकरण पीएचई कार्यालय में पूर्व में दिया गया है जो लंबित है।
कुलमिलाकर डिंडोरी जिले में लगातार जल समस्या की तस्वीरें निकलकर सामने आ रही है जिसमें ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर जिले के अनेक ग्राम में नल जल योजना फेल होने के चलते पानी की समस्या बनी हुई है।