आरपीएफ बैरक के पास पकड़ा गया गांजा तस्कर, 5 किलो गांजे के साथ कोतवाली पुलिस ने दबोचा

कटनी, यशभारत। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक गांजा तस्कर को भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी रेलवे क्षेत्र के पास माल खपाने की फिराक में था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर बैलट घाट स्थित आरपीएफ बैरक के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में एसआई किशोर द्विवेदी और उनकी टीम ने तत्काल दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास कियाए लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे चारों ओर से घेरकर धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान 45 वर्षीय संजीव उर्फ संजय पिता रघुवीर अहिरवार निवासी लिधौरा जिला टीकमगढ़ के रूप में हुई है। जब पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें से खाकी रंग के पैकेट में लिपटा हुआ 5 किलो 406 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। बाजार मूल्य के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी संजीव के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 8 और 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहाँ से लाया था और कटनी में इसे किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस को संदेह है कि इस नेटवर्क के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं।







