चैत्र नवरात्र कल से, मंदिरों में तैयारियां, नौ दिनों तक शक्ति की भक्ति में सराबोर नजर आएंगे भक्त, चेट्रीचंड्र, गुड़ी पड़वा और हिंदू नववर्ष को लेकर उत्साह

कटनी, यशभारत। आदिशक्ति जगतजननी मां दुर्गा की शक्ति उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्र कल 19 मार्च से शुरू हो रहा है। पर्व की तैयारियां आज दिन भर की जाती रहीं। मंदिरों में साफ-सफाई और रंग-रोंगन किया जाता रहा। इसके अलावा घरों में भी तैयारियां की जा रही है। चैत्र नवरात्र पर्व के अवसर पर शहर सहित पूरा जिला नौ दिनों तक शक्ति की भक्ति में सराबोर नजर आएगा। कल चैत्र नवरात्र के साथ ही हिन्दू नववर्ष, चेट्रीचंड (झूलेलाल जयंती) गुड़ी पड़वा का पर्व भी उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्वों को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। चैत्र नवरात्र को लेकर देवी मंदिरों में खास तैयारियां की गई हैं। शहर की प्रमुख आस्था के केन्द्र जालपा मढिय़ा में अगले 9 दिनों तक भक्त माता की आराधना में लीन नजर आएंगे।
जालपा देवी मंदिर के प्रधान पंडा एवं पुजारी लालजी ने बताया कि यहां चैत्र नवरात्र के पहले दिन जवारे बोए जाएंगे, साथ ही जालपा देवी की नौ दिन तक अलग-अलग श्रृंगार के अलावा चौसठ योगिनी माता की विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। सुबह से जल चढ़ाने वालों की कतार प्रमुख देवी मंदिरों में दिखेगी। शहर ही नहीं उपनगरीय क्षेत्र की भी देवी मढियाओं में तैयारियां जोरदार चल रही हैं। शहर में जालपा देवी मंदिर, विजयराघवगढ़ स्थित मां शारदा मंदिर, बहोरीबंद के तिगवां मंदिर, ढीमरखेड़ा तहसील के पाली गांव में 24 भुजी विरासिन माता का मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही पहुंचने के लिए बेताब है।
मंदिरों में उमड़ेगी आस्था
जालपा मढिय़ा के साथ ही जालपा वार्ड स्थित मां महाकाली मंदिर, श्री आदिशक्ति दुर्गा मंदिर गाटरघाट, मरही माता मंदिर बावली टोला, शीतला माता मंदिर हीरागंज, काली मंदिर घंटाघर, दुर्गा मंदिर शहीद द्वार, आदिशक्ति मंदिर कुठला, भूमि प्रकट शारदा मंदिर बरगवां, काली मंदिर विश्राम बाबा, दक्खिन माता मंदिर खिरहनी, चंडिका नगर स्थित चंडिका माता मंदिर, खेर माता मंदिर खिरहनी, जगदम्बा मंदिर अशोक कॉलोनी, दुर्गा मंदिर एसीसी सहित विजयराघवगढ़ के प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर एवं कंकाली धाम निगहरा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में नौ दिनों तक पूजन अनुष्ठान होंगे।
कटनी की महारानी मां जालपा की महिमा अपार
जालपा देवी मंदिर में मां की महिमा अपार है। यहां विराजी मां जालपा के बारे में 250 साल पुराने इतिहास के मुताबिक ऐसी मान्यता है कि जो भी मां के दर्शन करता है, उसकी हर बला टल जाती है। कटनी को बारडोली की धरा भी कहा जाता है। शहर में विराजी मां जालपा के दरबार में साल के 365 दिन भक्तों की कतार लगी रहती है। वहीं नवरात्रि और रामनवमी में तो मां के दरबार की अलग की चमक रहती है।
चैट्रीचंड्र एवं गुड़ी पड़वा पर होंगे कई आयोजन
गुड़ी पड़वा को नव संवत्सर के नाम से भी जाना जाता है। यह मुख्य रूप से महाराष्ट्र में मनाया जाने वाला बसंत ऋतु का त्योहार है। यह हिंदू नव वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है और चैत्र महीने के पहले दिन पड़ता है। इस बार गुड़ी पड़वा कल 19 मार्च को मनाया जाएगा।
समदडिय़ा सिटी में धूमधाम से मनेगा चैत्र नवरात्र, 19 से 28 मार्च तक होंगे विविध धार्मिक आयोजन
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर समदडिय़ा सिटी माधव नगर स्थित श्री आदिशक्ति माता मंदिर में 10 दिवसीय चैत्र नवरात्र महोत्सव का आयोजन कल 19 मार्च से शुरू होगा। 10 दिनों तक यहां पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए मंदिर समिति के अध्यक्ष रमेश मोटवानी, सचिव संतोष शुक्ला, कोषाध्यक्ष एस नगरिया ने बताया की चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन कल 19 मार्च को मंदिर में बैठकी जवारा व कलश स्थापना की जाएगी। 22 मार्च रविवार को माता रानी की चौकी संध्या 7 बजे से होगी जिसमें सद्भावना म्यूजिकल ग्रुप द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। 26 मार्च गुरुवार को महाआरती संध्या 7 बजे से होगी। नवमीं 27 मार्च को कन्या भोज हवन एवं ज्वारा विसर्जन किया जाएगा। जवारा विसर्जन जुलूस सायं 4 बजे मंदिर प्रांगण से माधवनगर भम्रण करते हुए ढोल वाजो के साथ निकलेगा। 28 मार्च शनिवार दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारा आयोजित होगा। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने नवरात्रि के पावन पर्व पर सभी धर्म प्रेमियों से दस दिवसीय समस्त कार्यक्रमों में सपरिवार सम्मलित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।






