कटनी

अनियंत्रित होकर पलटी बोलेरो, मैहर दर्शन के लिए जा रहा परिवार दुर्घटना का शिकार, चालक समेत दो घायल, सात लोग थे सवार

कटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मैहर माता के दर्शन के लिए जा रही यात्रियों से भरी बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन चालक सहित एक महिला घायल हो गई, जबकि अन्य यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार शाहनगर-झुकेही मार्ग पर तिदुनी गांव से मैहर माता के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 65 सी 1457 कचौरी के आगे रामराजा कंपनी के पास स्थित मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि सडक़ के मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिसके कारण बोलेरो पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बोलेरो में सात लोग सवार थे, जो सभी मैहर माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना में वाहन चालक और एक महिला को चोटें आई हैं, जबकि बाकी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही शाहनगर थाना क्षेत्र की डायल 112 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस घटना के बाद मार्ग से गुजरने वाले लोगों और स्थानीय ग्रामीणों की भी मौके पर भीड़ लग गई। समय रहते राहत और बचाव कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button