पुलिस लाइन में रंगों की बौछार के बीच झूमे पुलिसकर्मी, वाटर कैनन के साथ बॉलीवुड गीतों पर किया डांस, एडिशनल एसपी ने सुनाया गीत

जबलपुर। रंगों के पर्व होली के अवसर पर जबलपुर पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साह और उल्लास के साथ होली मनाई। पूरे परिसर में रंग-गुलाल, संगीत और हंसी-मजाक का माहौल देखने को मिला। पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
होली मिलन समारोह के दौरान पुलिस लाइन में बॉलीवुड गीतों की धुन पर जवानों और अधिकारियों ने जमकर नृत्य किया। इस दौरान वाटर कैनन से पानी की बौछार की गई, जिससे माहौल और भी आनंदमय हो गया। रंग और पानी की फुहारों के बीच पुलिसकर्मी पूरी मस्ती में नजर आए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी जवानों के साथ रंगों में सराबोर दिखाई दिए। एडिशनल एसपी ने मंच पर गीत गाकर माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। उनके गीत पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तालियों के साथ उत्साह व्यक्त किया और जमकर डांस किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी सालभर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में व्यस्त रहते हैं। ऐसे त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे और तनाव से राहत देने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण होली मनाने का संदेश दिया।







