विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं संग देखी फिल्म शतक

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं संग देखी फिल्म शतक
बोले- संघ की 100 वर्षों की यात्रा राष्ट्र सेवा का जीवंत प्रमाण
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गौरवशाली 100 वर्षों के सफर पर आधारित फिल्म शतक कोलार स्थित एक थिएटर में 100 से अधिक युवा साथियों और कार्यकर्ताओं के साथ देखी। संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रिलीज हुई यह फिल्म डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा 1925 में बोए गए बीज से लेकर आज के विशाल वटवृक्ष बनने तक की यात्रा को रोचक ढंग से प्रस्तुत करती है।
आपदा में ढाल बने स्वयंसेवक
फिल्म देखने के उपरांत विधायक रामेश्वर शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि संघ ने समाज को संगठित कर राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव जागृत किया है। उन्होंने जोर देकर कहा, चाहे युद्ध हो, बाढ़, भूकंप हो या कोरोना जैसी महामारी, संघ के स्वयंसेवकों ने हमेशा अपनी जान की परवाह किए बिना निस्वार्थ भाव से जनसेवा की है। सेवा की यही परंपरा संघ को विश्व का सबसे अनूठा संगठन बनाती है।
युवाओं को शाखा से जुड़ने का आह्वान
विधायक शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह फिल्म केवल एक वृत्तचित्र नहीं, बल्कि संघ की 100 वर्षों की साधना का निचोड़ है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा पीढ़ी संघ की शाखाओं से जुड़े ताकि वे संस्कारवान बनें। राष्ट्रभाव से ओतप्रोत होकर समाज से भेदभाव और छुआछूत जैसी कुरीतियों को मिटाएं। वही प्राचीन भारत के सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्र के परम वैभव की पुनर्स्थापना के लिए एकजुट हों।
उन्होंने अंत में कहा कि फिल्म शतक का मूल संदेश राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा और हिंदू जागरण है, जो हर नागरिक के लिए प्रेरणादायक है। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।







