भोपालमध्य प्रदेश

बंद घर में बुजुर्ग दंपती की लाशें; किराया देने पहुंचे किराएदार के उड़े होश

बंद घर में बुजुर्ग दंपती की लाशें; किराया देने पहुंचे किराएदार के उड़े होश

भोपाल, यश भारत। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदामा नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक बंद मकान के भीतर बुजुर्ग पति-पत्नी के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान हेमंत बारीक और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 50 वर्ष से अधिक थी। घर में यह दंपती अकेले ही रहते थे।

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब मकान में रहने वाले किराएदार महीने का किराया देने के लिए उनके पास पहुंचे। किराएदारों ने देखा कि मुख्य दरवाजा पिछले कुछ दिनों से अंदर से बंद है। काफी देर तक कुंडी खटखटाने और आवाजें देने के बाद भी जब भीतर से कोई हलचल नहीं हुई, तो उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ। उन्होंने बिना देर किए तुरंत इसकी सूचना ऐशबाग थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। बंद दरवाजे को तोड़कर जब पुलिस भीतर दाखिल हुई, तो दोनों के शव संदेहास्पद परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

फिलहाल, मौत की वजह रहस्य बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित एंगल से मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button