40 किमी दूर खरीदी केंद्र का तुगलकी फैसला, सड़कों पर उतरे किसान—पटेहरा तिराहे पर चक्का जाम
ज्ञापन के बाद भी नहीं चेता प्रशासन, अव्यवस्था से भड़का आक्रोश—रीठी में खरीदी केंद्र की मांग पर अड़े किसान

40 किमी दूर खरीदी केंद्र का तुगलकी फैसला, सड़कों पर उतरे किसान—पटेहरा तिराहे पर चक्का जाम
ज्ञापन के बाद भी नहीं चेता प्रशासन, अव्यवस्था से भड़का आक्रोश—रीठी में खरीदी केंद्र की मांग पर अड़े किसान

कटनी, यशभारत। जिले के रीठी तहसील क्षेत्र में प्रशासनिक अव्यवस्था के खिलाफ किसानों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। 40 किलोमीटर दूर बनाए गए गेहूं खरीदी केंद्र के विरोध में आक्रोशित किसानों ने पटेहरा तिराहे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र को रीठी से दूर बाकल संयोलो में स्थापित करना पूरी तरह अव्यावहारिक और किसान विरोधी निर्णय है। छोटे और मध्यम किसानों के लिए इतनी दूरी तक फसल ले जाना न सिर्फ महंगा पड़ रहा है, बल्कि समय और श्रम की भी भारी बर्बादी हो रही है।
बताया गया कि किसानों ने पहले ही तहसीलदार और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी थी कि यदि खरीदी केंद्र स्थानीय स्तर पर स्थापित नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करेंगे। बावजूद इसके प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे नाराज किसानों को सड़क पर उतरना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्पष्ट किया कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक रीठी क्षेत्र में ही गेहूं खरीदी केंद्र स्थापित नहीं किया जाता।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। देर शाम तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और आवागमन बाधित रहा।
यह पूरा घटनाक्रम एक बार फिर स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं की कमजोरियों और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करता है, जहां समय रहते समाधान न होने पर हालात सड़क पर संघर्ष में बदल जाते हैं।







