पुणे–सुपौल एक्सप्रेस में यात्री पर चाकू से हमला करने वाला अवैध वेंडर गिरफ्तार
जीआरपी की तत्परता से आरोपी चढ़ा हत्थे, पूछताछ जारी

जबलपुर यशभारत ।पुणे–सुपौल एक्सप्रेस में यात्री पर चाकू से हमला करने वाले अवैध वेंडर को जीआरपी ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से रेलवे परिसर और ट्रेनों में अवैध वेंडरों की सक्रियता को लेकर सवाल उठ रहे थे। जीआरपी से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 15 फरवरी को भिटौनी स्टेशन में उस समय हुई जब ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी। इसी दौरान नर्मदा पुरम निवासी संजय उर्फ दीपक सिंह अवैध वेंडर ट्रेन में सामान बेच रहा था। किसी बात को लेकर उसका राहुल सिंह राजपूत से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने यात्री पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। ट्रेन में मौजूद यात्रियों और स्टाफ से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। जिसे बाद में इटारसी एंड दबिश के बाद जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार आरोपी अवैध रूप से ट्रेन में वेंडिंग कर रहा था और उसके पास कोई अधिकृत अनुमति नहीं थी। और उसके विरुद्ध अनेक गंभीर अपराध पंजीबद्ध है।उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके साथ और कौन-कौन लोग इस अवैध गतिविधि में शामिल थे।इस घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है। रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों में अवैध वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन दिया है।







