कमीशन के लालच में नहीं करें लेनदेन, अवैध गतिविधियों से जुड़े होने पर हो सकती कार्रवाई, पुलिस ने जनहित में जारी की एडवाइजरी

कटनी, यशभारत। सायबर फ्रॉड के लगातार सामने आ रहे मामलों को लेकर कटनी पुलिस ने एडवाइजारी जारी की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले के नागरिकों के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपने नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसके दस्तावेज, एटीएम, पासबुक किसी अन्य को न दें। बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर, ओटीपी एवं नेट बैंकिंग की जानकारी गोपनीय रखें। कैश देने के बदले किसी के कहने पर अपने बैंक खाते में ऑनलाइन पैसा लेने से पहले पूरी सतर्कता बरतें। कमीशन या लाभ के लालच में इस प्रकार का लेनदेन करना अवैध गतिविधियों से जुड़ा हो सकता है। कमीशन के चक्कर में अवैध संदिग्ध राशि अपने खाते में लेना मनी लॉन्ड्रिंग की श्रेणी में आ सकता है, जो एक गंभीर दंडनीय अपराध है। किसी भी संदिग्ध लेनदेन की सूचना तत्काल संबंधित बैंक एवं नजदीकी पुलिस थाना, सायबर सेल को दें। क्रिकेट सट्टा, हवाला या अवैध ऑनलाइन ट्राजेक्शन से दूर रहें, इसमें संलिप्तता पाए जाने पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। सतर्क रहें सुरक्षित रहें।







