सडक निर्माण में घपलेबाजी के आरोप -कार्य प्रारंभ होते ही तोडने के आदेश
ढेड़ करोड़ की लागत से बनाई जा रही थी सड़क

सडक निर्माण में घपलेबाजी
कार्य प्रारंभ होते ही तोडने के आदेश
कटनी, यशभारत। बाकल मुख्य मार्ग से पुरानी बाजार पहुंच मार्ग तक लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही सीसी सड़क में निर्माण शुरू होते ही गड़बड़ी सामने आ गई। सड़क की गुणवत्ता और निर्धारित मोटाई (थिकनेस) में कमी की शिकायत ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि मोबाइल टावर के समीप से मुख्य मार्ग की ओर बनाई जा रही सड़क में शुरू से ही मानकों की अनदेखी की जा रही थी। शिकायत के बावजूद प्रारंभिक स्तर पर निर्माण कार्य नहीं रोका गया। इसके बाद ग्रामीणों ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एसडीओ पीडब्ल्यूडी आर.के. बत्रा मौके पर पहुंचे और निर्माण की जांच की। जांच में सीसी रोड की मोटाई सहित अन्य तकनीकी खामियां पाई गईं। इसके बाद निर्माणाधीन लगभग 17 मीटर लंबी सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए।एसडीओ आर.के. बत्रा ने बताया कि थिकनेस एवं गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित हिस्से को हटाकर पुनः मानक अनुसार निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य की निगरानी की जाएगी और मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर ध्यान न दिया जाता तो पूरी सड़क घटिया निर्माण की भेंट चढ़ जाती। उन्होंने मांग की है कि निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की जाए और दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई हो।







