मंडल अध्यक्ष पर गंभीर आरोप, पीड़िता परिवार संग पहुंची एसपी कार्यालय, गिरफ्तारी की मांग तेज

सतना। नागौद में एक पार्टी के मंडल अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोपों के बाद मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। ब्यूटी पार्लर चलाने वाली पीड़ित युवती ने अपने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, नागौद मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन ने उसे एक ब्राइडल कस्टमर से बातचीत के बहाने अपनी ट्रेडिंग दुकान के गोदाम बुलाया था। युवती का आरोप है कि जब वह रात करीब दस बजे वहां पहुंची तो आरोपी शराब के नशे में था। स्थिति देखकर वह लौटने लगी, तभी आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मारपीट की।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने इस घटना की शिकायत नागौद थाने में दर्ज कराई तो पुलिस ने प्रकरण तो कायम कर लिया, लेकिन अब तक आरोपी और उसके कर्मचारी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे उसका पूरा परिवार दहशत में है। युवती का आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी ने उसकी मां और भाई के साथ भी मारपीट की है।
पीड़िता ने एएसपी प्रेमलाल कुर्वे को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
कांग्रेस का समर्थन
इस मामले में एक नया राजनीतिक मोड़ तब आया जब कांग्रेस पार्टी खुलकर पीड़िता के समर्थन में उतर आई। कांग्रेस नेत्री रश्मि सिंह के नेतृत्व में पीड़िता और उसके परिवार ने एसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नागौद थाने का घेराव किया।
वहीं राजनीतिक पार्टी के संगठन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडल अध्यक्ष से स्पष्टीकरण तलब किया है। पीड़िता खुद भाजपा नेत्री की बेटी बताई जा रही है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
अब पूरे जिले की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आरोपी के खिलाफ कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।







