भोपालमध्य प्रदेश

20 दिनों से खुली नालियां लोग हो रहे परेशान

20 दिनों से खुली नालियां लोग हो रहे परेशान
– लाल बहादुर शास्त्री नगर के लोग नगर निगम से नाराज़

भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 56 स्थित बरखेड़ा पठानी लाल बहादुर शास्त्री नगर में बीते करीब 20 दिनों से नालियां खुली पड़ी हैं। इससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुले नालों से उठती बदबू, गंदा पानी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थानीय निवासी इस स्थिति के लिए नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले नाली की सफाई और मरम्मत के नाम पर ढक्कन हटाए गए थे, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। तब से नालियां खुली हैं और उन पर न तो ढक्कन लगाए गए और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई। बारिश के दौरान इन खुली नालियों में पानी भर जाता है, जिससे सडक़ पर चलना तक मुश्किल हो जाता है।
क्षेत्र के रहवासियों का कहना है कि खुले नालों के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा खतरा है। कई बार बच्चे खेलते समय नाली के पास पहुंच जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। वहीं रात के समय अंधेरे में राहगीरों के गिरने का डर बना रहता है। कुछ लोगों ने बताया कि पहले भी इस तरह की लापरवाही के चलते छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं।

नालियों में जमा गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। रहवासियों का कहना है कि बदबू के कारण घरों में बैठना मुश्किल हो गया है और खिड़कियां-दरवाजे बंद रखने पड़ रहे हैं। बावजूद इसके बदबू और मच्छर घरों के अंदर तक पहुंच रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर टाल देते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों पर ढक्कन लगाने, सफाई कराने और स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि नगर निगम उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा, ताकि उन्हें इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके। वहीं नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही क्षेत्र का दौरा किया जाएगा। समस्या का समाधान कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button