वन विभाग में 48 अधिकारियों के तबादले

वन विभाग में 48 अधिकारियों के तबादले
यश भारत भोपाल। प्रदेश के जंगलों में बढ़ती अवैध कटाई और वन संपदा को हो रहे नुकसान को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। नर्मदापुरम वन मंडल में सामने आए गंभीर मामलों के बाद सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए डीएफओ मयंक गुर्जर को उनके पद से हटाने के साथ वन विभाग में कुल 48 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल को वन संरक्षण की दिशा में सरकार का बड़ा और सख्त कदम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, नर्मदापुरम सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में अवैध कटाई, लकड़ी तस्करी और निगरानी में लापरवाही की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर सरकार ने वन विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और जिम्मेदारी तय करते हुए व्यापक स्तर पर तबादले किए।
आदेश के तहत विभाष कुमार ठाकुर को पीसीसीएफ संरक्षण, वन मुख्यालय भोपाल से हटाकर पीसीसीएफ अनुसंधान एवं विस्तार, वन मुख्यालय भोपाल बनाया गया है। अमित कुमार दुबे को एपीसीसीएफ एवं क्षेत्र संचालक, संजय टाइगर रिजर्व (सीधी) से एपीसीसीएफ संरक्षण, वन मुख्यालय भोपाल पदस्थ किया गया। प्रफुल नीरज गुलाबराव फुलझेले को सीसीएफ राज्य लघुवनोजन संघ भोपाल से सीसीएफ राज्य वन विकास निगम भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसी तरह मस्तराम बघेल को सीसीएफ उज्जैन वृत्त से सीसीएफ जबलपुर वृत्त, कमल अरोरा को सीएफ जबलपुर से सीएफ छिंदवाड़ा, मधु व्ही राज को सीएफ छिंदवाड़ा से सीएफ बैतूल और आलोक पाठक को सीएफ राज्य वन विकास निगम भोपाल से सीएफ उज्जैन वृत्त भेजा गया है। बासु कनौजिया को सीएफ बैतूल से सीएफ खंडवा वृत्त बनाया गया।
डीएफओ स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। गौरव शर्मा को डीएफओ कटनी से डीएफओ नर्मदापुरम नियुक्त किया गया, जबकि मयंक गुर्जर को डीएफओ नर्मदापुरम से हटाकर उप वन संरक्षक कार्यालय, वन बल प्रमुख मुख्यालय भोपाल भेजा गया है। पुनीत सोनकर को डीएफओ डिंडोरी से डीएफओ जबलपुर, गर्वित गंगवार को डीएफओ उत्तर पन्ना से डीएफओ कटनी और अरिहंत कोचर को डीएफओ दक्षिण बालाघाट उत्पादन से डीएफओ दक्षिण बैतूल पदस्थ किया गया।







