भोपाल के बांध में मिली इंदौर के मूक-बधिर युवक की लाश, पिता ने जताई हत्या की आशंका

भोपाल के बांध में मिली इंदौर के मूक-बधिर युवक की लाश, पिता ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का आरोप- शरीर पर चोट के निशान और दोनों मोबाइल गायब, जांच की मांग
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हथाईखेड़ा बांध (डैम) में सोमवार सुबह एक 28 साल के युवक का शव पानी में तैरता मिला, जिसकी पहचान इंदौर निवासी अमित विश्वकर्मा के रूप में हुई है। अमित मूक-बधिर था और इंदौर के एक होटल में काम करता था। मृतक के पिता ने इसे सामान्य मौत न मानकर हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वीडियो कॉल पर हुई थी आखिरी बात
अमित के पिता शिवरत्न विश्वकर्मा ने बताया कि शनिवार को उनकी बेटे से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। उस समय अमित बिल्कुल सामान्य लग रहा था और उसने किसी भी प्रकार की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। अमित करीब 15 दिन पहले ही पिता से मिलकर इंदौर वापस लौटा था।
रहस्यमयी तरीके से पहुंचा भोपाल
हैरानी की बात यह है कि इंदौर में नौकरी करने वाला अमित भोपाल कब और कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी उसके परिवार को भी नहीं है। सोमवार सुबह जब पुलिस ने शव मिलने की सूचना दी, तब जाकर परिजनों को अमित के भोपाल में होने का पता चला।
पिता के आरोपों ने उलझाई गुत्थी
परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की स्थिति देखने के बाद हत्या की आशंका जताई है। पिता का कहना है कि अमित की एक आंख के पास गहरी चोट के निशान हैं। उसके पास दो मोबाइल फोन थे, जो शव के पास से गायब हैं। वह आत्महत्या जैसा कदम कभी नहीं उठा सकता था।
पुलिस की कार्रवाई
मिसरोद थाना पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस अब अमित के मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि वह इंदौर से भोपाल किसके साथ आया था और आखिरी बार वह किन लोगों के संपर्क में था।







