कोहरे ने बिगाड़ी ट्रेनों की रफ्तार गोंडवाना एक्सप्रेस 2 घंटे लेट
उत्तर भारत से आने वाली अधिकांश ट्रेनें प्रभावित

जबलपुर यशभारत। उत्तर भारत में बने घने कोहरे और परिचालन कारणों का असर रेल यातायात पर लगातार देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में आज निजामुद्दीन से चलकर जबलपुर आने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से जबलपुर स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के देर से पहुंचने के कारण यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ा वहीं स्टेशन पर परिजनों का इंतजार भी लंबा खिंच गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाली अधिकांश मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें तय समय से विलंब से चल रही हैं। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया जा रहा है, जिससे समय-सारिणी बिगड़ गई है। गोंडवाना एक्सप्रेस के अलावा कई अन्य प्रमुख गाड़ियों के भी देरी से पहुंचने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक लगातार देरी के चलते कनेक्टिंग ट्रेनों की समस्या खड़ी हो रही है। कई यात्री बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा।
रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और कोहरे की स्थिति में ट्रेनों को एहतियातन धीमी गति से चलाया जा रहा है। हालात सामान्य होने पर ट्रेनों के संचालन में सुधार आने की उम्मीद जताई गई है। वहीं यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पूर्व ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।






