भोपाल पुलिस का ऑपरेशन क्लीन, 1200 जवानों ने घेरा शहर , 6 घंटे में 1082 बदमाश गिरफ्तार

भोपाल पुलिस का ऑपरेशन क्लीन, 1200 जवानों ने घेरा शहर , 6 घंटे में 1082 बदमाश गिरफ्तार
भोपाल,यशभारत। राजधानी में नये साल के स्वागत से पहले शहर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रविवार की रात कड़ाके की ठंड के बीच पुलिस के 1200 जवानों ने सड़कों पर उतरकर ‘कॉम्बिंग गश्त’ की। महज 6 घंटे के भीतर पुलिस ने रिकॉर्ड 1082 फरार वारंटियों और बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
पुलिस कमिश्नर ने खुद संभाली कमान
अभियान की शुरुआत शनिवार रात 11 बजे पुलिस कमिश्नर कार्यालय से हुई, जहाँ कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने बल को टीम वर्क और संवेदनशीलता के साथ अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। इसके बाद एडिशनल सीपी अवधेश गोस्वामी सहित सभी चार जोन के डीसीपी और एसीपी रात भर फील्ड पर सक्रिय रहे। यह गश्त रविवार सुबह 5 बजे तक जारी रही। इस ऑपरेशन में शहर भर से पुलिस ने कुल 1082 स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। वही लंबित मामलों में फरार चल रहे 121 अपराधी व 27 वाहन चोर सहित 16 जिला बदर को हिरासत में लिया है। पुलिस ने 18 कॉम्बिंग गश्त में कुल 11,232 बदमाश गिरफ्तार किये है।
इनका कहना है…
इस तरह की नियमित कॉम्बिंग गश्त के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पिछले वर्षों की तुलना में शहर में महिला अपराधों और अन्य गंभीर अपराधों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पकड़े गए बदमाशों में हत्या, दुष्कर्म, लूट और चेक बाउंस जैसे मामलों के गंभीर अपराधी शामिल हैं। हमारा उद्देश्य अपराधियों में कानून का खौफ और आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना है। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी से न्यायालय में लंबित मामलों का त्वरित निराकरण होगा और पीड़ितों को न्याय मिलेगा।
हरिनारायणाचारी मिश्र, पुलिस कमिश्नर, भोपाल





