
प्रेमी ने मां के साथ मिलकर प्रेमिका की हत्या की
महिला का पति से हो चुका था अलगाव

आरोपी ने प्रेमिका को पत्नी के रूप में घर में रखा था। श्योपुर जिले के ढोढर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जहां एक महिला की उसके प्रेमी और उसकी मां ने मिलकर हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को छिपाने के इरादे से शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी भी कर ली थी, लेकिन समय रहते पुलिस ने कार्रवाई कर सच्चाई सामने ला दी।
सरिये से बुरी तरह पीटा
जानकारी के अनुसार ढोढर मंडी वाला सहराना निवासी सनी जाटव ने अपनी प्रेमिका मीना बाई को पत्नी के रूप में घर में रखा हुआ था। रविवार शाम घरेलू विवाद के दौरान सनी जाटव ने अपनी मां कमलाबाई के साथ मिलकर मीना बाई के साथ लोहे के सरिये से बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने हत्या को छिपाने के लिए बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी और शव को मुक्तिधाम तक ले गए। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने ढोढर थाना पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस तत्काल मुक्तिधाम पहुंची और चिता से शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
महिला का पति से हो चुका था अलगाव
पुलिस जांच में महिला की हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर ने बताया कि मृतका मीना बाई मूल रूप से जयपुर की रहने वाली थी और उसने अपने पति से अलग होने के बाद सनी जाटव के साथ रहना शुरू किया था। कुछ समय बाद घर में लगातार विवाद होने लगे, जो अंततः गंभीर घटना में बदल गए।







